Skip to content
टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए सूरज मौर्या की रिपोर्ट
बरेली। आजादी के 80वें वर्ष के गौरवपूर्ण अवसर पर पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन (जीआईसी ऑडिटोरियम) में स्वतंत्रता दिवस का भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। मुख्य अतिथि पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर डॉ. उमेश गौतम सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन
अपने संबोधन में मंत्री धर्मपाल सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीरों का त्याग, संघर्ष और बलिदान है।
उन्होंने अमर शहीद अशफाक उल्ला खां के साहस और देशभक्ति का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। मंत्री ने कहा कि युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने मर्यादित भाषा के प्रयोग पर भी जोर दिया और शिक्षकों से विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का आह्वान
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति तभी संभव है, जब नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति भी उतने ही सजग रहें जितने अपने अधिकारों के प्रति।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता हमारी पहचान है। उन्होंने लोगों से भाषावाद, क्षेत्रवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने तथा राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

छात्राओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम की भावना को और मजबूत कर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मंत्री एवं अधिकारियों ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान जनपद में नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अधिकारियों में उत्साह दिखाई दिया। अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
समारोह में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और भारत माता के जयघोष से जीआईसी ऑडिटोरियम गूंजता रहा।