बरेली। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बरेली में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में 119-मीरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा एवं संस्थान की प्रधानाचार्य नमिता वर्मा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. डी.सी. वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला और उन्हें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य नमिता वर्मा ने छात्राओं से अनुशासन एवं तकनीकी शिक्षा के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष श्री संदीप कुमार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार यादव ने भी छात्राओं को तकनीकी नवाचार और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर समूह नृत्य एवं एकल नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। पुलवामा हमले पर आधारित लघु नाटिका कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। नाटिका की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. शर्मिला, व्याख्याता इलेक्ट्रॉनिक्स, एवं संजीव कुमार, कंप्यूटर अनुदेशक, ने किया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। अंत में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ सभी ने राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।