Skip to content
टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए सूरज मौर्या की रिपोर्ट
बरेली। अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने कमर कस ली है। जाट रेजीमेंट केंद्र, बरेली परिसर में 14 सितंबर से 30 सितंबर तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें बरेली समेत 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।भर्ती की तैयारियों को लेकर जाट रेजीमेंट केंद्र परिसर में अधिकारियों की बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अविनाश त्रिपाठी, सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक रजनीश अय्यर, सूबेदार अनिल कुमार, नायब सूबेदार संजय कुमार, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी ट्रैफिक मो. अकमल समेत सेना और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भर्ती स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भर्ती रैली में बरेली के अलावा बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के अभ्यर्थी भाग लेंगे। अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी नगर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और संभावित जाम से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सेना भर्ती निदेशक ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर भर्ती स्थल पहुंचें और एडमिट कार्ड के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर आएं। अधिकारियों ने युवाओं को दलालों और अफवाहों से सावधान रहने की सलाह भी दी है।