Skip to content
टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए चरन सिंह की रिपोर्ट
बरेली। विश्व रेबीज दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर यूपीएचसी सीबीगंज में सोमवार को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को रेबीज से बचाव, समय पर उपचार तथा सुरक्षित प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
विश्व रेबीज दिवस के कार्यक्रम में डॉ. मधु गुप्ता ने कहा कि कुत्ते या किसी संदिग्ध पशु के काटने अथवा खरोंचने की स्थिति में लापरवाही जानलेवा हो सकती है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि ऐसी स्थिति में घाव को तत्काल साबुन और बहते पानी से करीब 15 मिनट तक अच्छी तरह धोएं और बिना देरी किए स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय सलाह लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घाव पर मिर्च, हल्दी, तेल, मिट्टी अथवा किसी अन्य घरेलू पदार्थ का प्रयोग नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय उपचार और आवश्यकतानुसार एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाना रेबीज से बचाव का महत्वपूर्ण उपाय है। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित कर लोगों की भ्रांतियों का समाधान भी किया गया। उपस्थित लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों ने रेबीज जागरूकता की शपथ ली।

जरूरतमंदों को लगाया गया एंटी रेबीज टीका
जागरूकता कार्यक्रम के साथ यूपीएचसी सीबीगंज में पशु काटने के मामलों में आवश्यकतानुसार एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) का टीकाकरण भी किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से पशु के काटने या खरोंचने के बाद घरेलू उपचार अथवा देरी करने के बजाय तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की।
सुरक्षित गर्भपात पर भी दी गई जानकारी
अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर महिलाओं और समुदाय को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गोपनीय प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने योग्य स्वास्थ्यकर्मी से समय पर परामर्श लेने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के गर्भपात संबंधी दवाओं का सेवन नहीं करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में सुरक्षित गर्भपात के बाद आवश्यक फॉलोअप, खतरे के संकेतों और परिवार नियोजन सेवाओं के महत्व पर भी चर्चा की गई। महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में संकोच छोड़कर समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में हिरदेश, मनमोहन, सरिता, श्रवण, शाहिद, मोनू, मीता, ममता एवं चंचल सहित यूपीएचसी सीबीगंज की टीम ने सक्रिय सहभागिता की।