शिक्षा, नवाचार और अनुशासन की मिसाल बना नवीनगर विद्यालय
खंड शिक्षाधिकारी तौसीफ अहमद ने निरीक्षण के दौरान की व्यवस्थाओं और शिक्षण कार्य की सराहना
सूरज मौर्य टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी संवाददाता
बरेली। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नवीनगर में शुक्रवार को खंड शिक्षाधिकारी श्री तौसीफ अहमद ने विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीआरसी से श्री रॉबिन भी उपस्थित रहे। खंड शिक्षाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया और विद्यालय में बनाए गए सकारात्मक एवं रुचिकर शैक्षिक वातावरण की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मध्याह्न भोजन (एमडीएम), स्वच्छता व्यवस्था, अनुशासन तथा विद्यार्थियों के लिए बनाए गए रुचिकर वातावरण को देखकर खंड शिक्षाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों के सीखने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाना शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने विद्यालय में ‘लर्निंग बाय डूइंग’ के माध्यम से कराए जा रहे गतिविधि आधारित शिक्षण कार्य की भी प्रशंसा की। बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर गतिविधियों एवं प्रयोगों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने को उन्होंने उपयोगी पहल बताया।

खंड शिक्षाधिकारी ने इंचार्ज प्रधानाध्यापिका रेनू गुप्ता के नेतृत्व में विद्यालय के विकास, शैक्षिक गुणवत्ता और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों द्वारा मिलकर किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताते हुए इसी प्रकार निरंतर कार्य करने पर जोर दिया।इस अवसर पर श्रीमती ऋचा सक्सेना एवं अनुदेशक रितु सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं, शिक्षण कार्य और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों को खंड शिक्षाधिकारी द्वारा सराहा गया।
