Skip to content
सूरज मौर्य टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी संवाददाता
बरेली। भूजल सप्ताह के अंतर्गत UPHC सी.बी.गंज की ओर से वुडरो स्कूल में वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के मार्गदर्शन एवं UPHC सी.बी.गंज की चिकित्सा प्रभारी (एमओआईसी) डॉ. मधु गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण की शपथ लेते हुए जल का सदुपयोग करने, वर्षा जल संचयन अपनाने तथा अन्य लोगों को भी भूजल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके बाद विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ग्लोरी प्लस का विशेष सहयोग रहा। क्लब की सदस्य अफज़ा, अनीता, सुनीता, रीना, दीपाली, वैशाली, सुरभि, डॉ. ममता पराशर, डॉ. ऋतिका भारद्वाज, डॉ. मोनिका गुप्ता एवं डॉ. कविता पाण्डेय ने सक्रिय सहभागिता करते हुए जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।

वुडरो स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं UPHC सी.बी.गंज के स्टाफ सदस्य हिरदेश, सरिता, मनमोहन, शाहिद सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समापन अवसर पर डॉ. मधु गुप्ता ने विद्यालय परिवार एवं इनर व्हील क्लब ग्लोरी प्लस के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जल संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकता है।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प" तथा "जल है तो कल है, भूजल बचाएँ–भविष्य सुरक्षित बनाएँ" के सामूहिक उद्घोष के साथ हुआ।