खाद संकट और स्मार्ट मीटर के बढ़े बिजली बिलों पर कांग्रेस का हल्ला बोल, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
सूरज मौर्य टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी संवाददाता
बरेली। किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराने तथा स्मार्ट मीटरों के कारण बढ़े बिजली बिलों से आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को बरेली महानगर कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया।
ज्ञापन का वाचन कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि प्रदेश में किसान खाद के लिए परेशान हैं, जबकि स्मार्ट मीटरों के चलते उपभोक्ताओं पर बिजली बिलों का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं है और युवाओं से जुड़े मामलों में भी लगातार विफल साबित हो रही है।
पूर्व विधायक मास्टर छोटेलाल गंगवार ने कहा कि सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल राजनीतिक हित साधने में लगी है। उन्होंने कहा कि जनता आगामी समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
महानगर महामंत्री देवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार की नीतियां आम जनता के बजाय बड़े पूंजीपतियों के हित में दिखाई देती हैं। किसान, गरीब और मध्यम वर्ग लगातार आर्थिक दबाव झेल रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर नहीं दिख रही।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद की तत्काल उपलब्धता, स्मार्ट मीटरों से बढ़े बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच, तथा प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। साथ ही जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।

इस अवसर पर पंडित राज शर्मा, जीशान अफरीदी, रमेश श्रीवास्तव, सुरेश दिवाकर, डॉ. हरीश गंगवार, प्रवीण मिश्रा, मुजम्मिल हुसैन, मोबिन अंसारी, तबस्सुम खान, योगेश जायसवाल, शबनम मलिक, जोया खान, अकरम खान, पूनम दीप सिंह, पीयूष मसीही, तीर्थ मधुकर, मनोज शर्मा, इमरान हुसैन, जितेंद्र बाबू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।