Skip to content
सूरज मौर्य टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी संवाददाता
बरेली। लगातार हो रही बारिश भी स्वास्थ्य के प्रति लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देश पर रविवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, यूपीएचसी सीबीगंज में 'संडेज़ ऑन साइकिल' अभियान के तहत इंडोर साइक्लिंग, योग, स्ट्रेचिंग और विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया।बारिश के कारण साइकिल रैली आयोजित नहीं हो सकी, इसलिए अभियान के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इंडोर पैडलिंग चैलेंज और योग सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधु गुप्ता ने किया।

डॉ. मधु गुप्ता ने प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने के लाभ, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा गैर-संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मौसम चाहे जैसा भी हो, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना और प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करना आवश्यक है।

कार्यक्रम में हिरदेश, मनमोहन, श्रवण, सरिता, सरस्वती, मनु, मोनू सहित यूपीएचसी स्टाफ और मरीजों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन पर सभी ने स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने तथा 'फिट इंडिया–स्वस्थ भारत' के संकल्प को आगे बढ़ाने की शपथ ली।