Tuesday, 30-06-2026
नमस्कार हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91-9411848427 , हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें | अन्य शहरों की ख़बरें देने के लिए एवं रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क कर सकते है मोबाइल नंबर : +91-9411848427

बरेली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सौगात

स्वच्छता के लिए 60 आधुनिक वाहन रवाना, पंडित राधेश्याम कथावाचक की प्रतिमा का अनावरण, मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा का शुभारंभ

whatsapp    

सूरज मौर्य 

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली दौरे के दौरान शहर और जिले को विकास, स्वच्छता, संस्कृति एवं स्वास्थ्य से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने सर्किट हाउस से नगर निगम द्वारा खरीदे गए 60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, पंडित राधेश्याम कथावाचक की प्रतिमा का अनावरण किया, बेल का पौधा रोपित किया तथा दीप चैरिटेबल ट्रस्ट की मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन का उद्घाटन किया।


साथ ही बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए निःशुल्क मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम की आधुनिक स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देते हुए 60 अत्याधुनिक वाहनों को रवाना किया। इनमें 6 रोबोटिक मैनहोल सीवर क्लीनिंग मशीनें, 2 स्किड लोडर, 50 सीएनजी ऑटो टिपर तथा 2 बैकहो लोडर शामिल हैं। इन संसाधनों से सीवर एवं नालों की सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा डोर-टू-डोर कूड़ा संकलन कार्य अधिक तेज, सुरक्षित और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। विशेष रूप से रोबोटिक मैनहोल क्लीनिंग मशीनों के उपयोग से सीवर सफाई के दौरान मानव प्रवेश की आवश्यकता समाप्त होगी, जिससे सफाई कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर का निर्माण आधुनिक तकनीक तथा जनसहभागिता के समन्वय से ही संभव है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन आधुनिक वाहनों के संचालन से बरेली की स्वच्छता व्यवस्था को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।


कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर में बेल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने दीप चैरिटेबल ट्रस्ट, बरेली की मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन का उद्घाटन किया, जिससे जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।


मुख्यमंत्री ने पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन ऑडिटोरियम में हिन्दी साहित्य एवं लोकनाट्य परंपरा के महान नाटककार और प्रसिद्ध कथावाचक पंडित राधेश्याम कथावाचक की प्रतिमा का विधिवत अनावरण भी किया।


इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत का सम्मान और संरक्षण करता है, वही निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। उन्होंने पंडित राधेश्याम कथावाचक के साहित्यिक एवं आध्यात्मिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी अमर कृति 'राधेश्याम रामायण' आज भी भारतीय संस्कृति और रामलीला परंपरा की अमूल्य धरोहर है।
मुख्यमंत्री ने पंडित राधेश्याम कथावाचक के आवास को पर्यटन विभाग के माध्यम से संग्रहालय के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी ताकि उनकी स्मृतियों का संरक्षण हो और आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन एवं कृतित्व से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।


इसी क्रम में बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा की पहल पर निःशुल्क मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों द्वारा किया गया। इस सेवा के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट ही नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, पंडित राधेश्याम कथावाचक के परिजन तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को बरेली के लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

whatsapp whatsapp